रिपोर्ट: सुनील पाण्डेय।
सिसवा बाजार(महराजगंज)। कोठीभार थाना क्षेत्र में सिसवा बाजार-खड्डा के बीच रेलवे ट्रैक पर सोमवार को करीब 65 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को ट्रैक से हटाकर किनारे कराया और पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, स्टेशन अधीक्षक पूर्वोत्तर रेलवे सिसवा बाजार ने शाम करीब 6:58 बजे सूचना दी कि 15212 जननायक एक्सप्रेस के चालक ने किलोमीटर संख्या 323/08-10 के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति के शव पड़े होने की जानकारी दी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो ट्रैक के बीच शव पड़ा मिला।
पूछताछ के दौरान मृतक की पहचान मोती मुसहर पुत्र सुन्नर, निवासी सबया टोला बरगदही, थाना कोठीभार के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, मृतक शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में रेलवे ट्रैक पर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत होने की आशंका जताई गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।


