रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। बुक सेलर बनकर की गई ऑनलाइन ठगी के मामले में मीरजापुर पुलिस की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता के खाते में ₹1,05,876 की धनराशि वापस करा दी।
ग्राम पड़ेरी, थाना कछवां निवासी उषा सिंह पत्नी संतोष कुमार सिंह ने 20 मई 2026 को ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार, अज्ञात साइबर ठग ने बुक सेलर बनकर उनसे कुल ₹1,17,876 की ठगी कर ली थी। मामले का पंजीकरण एनसीआरपी पोर्टल पर ACK No. 33105260111803 के तहत किया गया।
पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना कछवां की साइबर टीम ने मामले का संज्ञान लेकर संबंधित बैंक एवं वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित किया। तकनीकी विश्लेषण और आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद साइबर टीम ने ठगी की धनराशि में से ₹1,05,876 सफलतापूर्वक पीड़िता के खाते में वापस करा दी।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़िता ने थाना पहुंचकर मीरजापुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों एवं साइबर टीम का आभार जताया। इस दौरान साइबर जागरूकता अभियान के तहत उसे ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई तथा अन्य लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।


