•शान-ए-तिरंगा से सराबोर हुआ परिसर
•भारत जैसा आकर्षक तिरंगा पूरे विश्व में नहीं: किशन चौधरी
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। केएम विश्वविद्यालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ‘शान-ए-तिरंगा’ थीम के तहत भव्य एवं विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरा विश्वविद्यालय परिसर तिरंगे के रंगों से सजा नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं विवि के कुलाधिपति श्री किशन चौधरी द्वारा ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके की गई।
मुख्य अतिथि कुलाधिपति किशन चौधरी ने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के बलिदान को याद किया और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा तिरंगा आज हर भारतीय के घर पर लहरा रहा है। जितना सुंदर और आकर्षक हमारा भारतीय तिरंगा है, वैसा पूरे विश्व में कहीं नहीं है। तिरंगे का केसरिया रंग हमें सामर्थ्य, सफेद रंग शक्ति व शांति, और हरा रंग समृद्धि तथा हरियाली का संदेश देता है।
उन्होंने युवाओं को सीख देते हुए कहा कि वे मोबाइल और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से थोड़ा समय निकालकर शहीदों की गाथाएं सुनें और पढ़ें, ताकि आजादी के वास्तविक महत्व को समझा जा सके।
केएम विवि कुलपति डा. एन. सी. प्रजापति ने कहा हम आज आजाद तो हैं, लेकिन वास्तव में मोबाइल की गुलामी से ग्रस्त होते जा रहे हैं। यदि हम अपने अधिकारों को पहचानें और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें, तो जीवन का उद्देश्य स्वतः पूरा हो जाएगा।
कुलसचिव (रजिस्ट्रार) डा. पूरन सिंह ने कहा समय के साथ भले ही परिस्थितियां और तरीके बदल गए हों, लेकिन 15 अगस्त का मूल संदेश नहीं बदल सकता। युवा वर्तमान परिवेश के अनुसार ढलें, लेकिन अपनी संस्कृति और शहीदों के बलिदान को कभी न भूलें।
वेटरिनरी रिचर्ज सेंटर के डीन डा. अजय प्रकाश ने कहा कि युवा पीढ़ी को शहीदों के जीवन परिचय और उनके संघर्षों को अवश्य पढ़ना चाहिए।
चांसलर सलाहकार डा. एस. पी. गोस्वामी ने कहा केएम विश्वविद्यालय अनुशासन, पंचलौटी और ईमानदारी के नियमों पर चलते हुए छोटा सा पौधा आज एक वटवृक्ष का रूप ले रहा है। यदि विद्यार्थी इन सिद्धांतों को अपने जीवन में उतार लें, तो उनका करियर संवर जाएगा।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन डिप्टी रजिस्ट्रार सुनील अग्रवाल ने किया। समारोह का समापन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सस्वर गायन के साथ हुआ।
इस अवसर पर कुलाधिपति के बड़े भाई देवी सिंह (डीएम साहब), उद्योगपति राजेश अग्रवाल (अग्निशमन), प्रताप राणा पप्पू प्रधान, परीक्षा नियंत्रक समीक्षा भारद्वाज, सहायक परीक्षा नियंत्रक अनिल चतुर्वेदी, सब रजिस्ट्रार दीपक माथुर, प्रो. डा. अशोक कुमार, एएमएस डा. नमित गौतम, डा. आर. पी. गुप्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि (लच्छी नेता, बांकेलाल नेता, धर्मपाल नेता, परशुराम नेताजी, बने सिंह नेताजी) सहित सैकड़ों की संख्या में विश्वविद्यालय व अस्पताल का स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


