मुंबई। सिनेमाघरों में बिना बड़े स्टारडम और भारी-भरकम प्रचार के रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर अप्रत्याशित सफलता हासिल की है। शुरुआती तीन हफ्तों में धीमी रफ्तार से कमाई करने वाली इस छोटे बजट की फिल्म ने 31वें दिन 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। पहले 21 दिनों में जहां फिल्म महज करीब 12 करोड़ रुपये ही जुटा पाई थी, वहीं चौथे सप्ताह में इसकी कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला।
पहले सप्ताह में महज 1.08 करोड़ की कमाई
7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ को शुरुआत में दर्शकों की बेरुखी का सामना करना पड़ा। फिल्म महज 250 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई और पहले सप्ताह में सिर्फ 1.08 करोड़ रुपये का कारोबार कर सकी।
इसके बाद 14 अगस्त को इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ और सनी देओल की ‘बंटवारा’ जैसी फिल्मों की रिलीज के चलते ‘हनुमान अंश’ की स्क्रीन संख्या और घट गई। दूसरे सप्ताह में फिल्म को सिर्फ 25 स्क्रीन्स मिलीं और इसकी कमाई महज 40 लाख रुपये रही। उस समय फिल्म के जल्द सिनेमाघरों से उतरने की आशंका जताई जा रही थी।
पॉजिटिव रिव्यू और माउथ पब्लिसिटी ने बदली कहानी
फिल्म की किस्मत तीसरे सप्ताह में बदलनी शुरू हुई। दर्शकों से मिले सकारात्मक रिव्यू और सोशल मीडिया पर बढ़ती माउथ पब्लिसिटी का असर बॉक्स ऑफिस पर दिखाई देने लगा। ‘आवारापन 2’ की रफ्तार धीमी पड़ने के साथ दर्शकों का रुख ‘हनुमान अंश’ की ओर बढ़ा।
नतीजा यह रहा कि तीसरे सप्ताह में फिल्म ने सीधे 10.40 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया। इसके साथ ही फिल्म ने सिनेमाघरों में अपनी पकड़ मजबूत करनी शुरू कर दी।
चौथे सप्ताह में 61 करोड़ की कमाई
26 अगस्त को बड़े बजट की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ के रिलीज होने के बाद माना जा रहा था कि ‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस सफर अब थम जाएगा। हालांकि, इसका असर बिल्कुल उल्टा देखने को मिला।
चौथे सप्ताह में ‘हनुमान अंश’ की दैनिक कमाई में जबरदस्त उछाल आया और फिल्म ने इस दौरान करीब 61 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिल्म की लगातार बढ़ती कमाई ने ट्रेड विश्लेषकों को भी हैरान कर दिया।
31वें दिन 100 करोड़ क्लब में एंट्री
लगातार मजबूत प्रदर्शन के दम पर ‘हनुमान अंश’ ने 6 सितंबर को रिलीज के 31वें दिन 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। खास बात यह है कि फिल्म ने यह उपलब्धि ऐसे समय हासिल की, जब बॉक्स ऑफिस पर बड़े बजट और चर्चित स्टारकास्ट वाली फिल्मों का दबदबा बना हुआ था।
‘मिर्जापुर द मूवी’ जैसी बड़ी फिल्मों की मौजूदगी के बावजूद ‘हनुमान अंश’ की कमाई जारी है। फिल्म की सफलता को कंटेंट, दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और माउथ पब्लिसिटी की ताकत का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।


