रुधौली मिल से परेशान किसानों को मुंडेरवा से जोड़ने की सांसद ने उठाई मांग
कलवारी, बस्ती। बस्ती लोकसभा क्षेत्र के सांसद राम प्रसाद चौधरी ने ग्राम शेखपुरा के गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश शासन के गन्ना आयुक्त को पत्र भेजा है। सांसद ने किसानों के व्यापक हित और सुविधा को देखते हुए कुसौरा क्रय केंद्र से जुड़े किसानों को रुधौली चीनी मिल से हटाकर मुंडेरवा चीनी मिल से संबद्ध किए जाने की मांग की है।
सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि शेखपुरा गांव के निवासी एवं क्षेत्रीय गन्ना किसान पिछले कई वर्षों से कुसौरा क्रय केंद्र के माध्यम से रुधौली चीनी मिल को गन्ने की आपूर्ति करते आ रहे हैं। वर्तमान में इस क्रय केंद्र से जुड़े किसानों को गन्ना आपूर्ति के दौरान विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में किसानों की प्रमुख समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि गन्ना मूल्य का समय से भुगतान न होना, मान-तौल में अनियमितता एवं पारदर्शिता का अभाव तथा भ्रष्टाचार और बिचौलियों के कारण किसानों का शोषण जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। इन समस्याओं के चलते किसानों को गन्ना आपूर्ति में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सांसद राम प्रसाद चौधरी ने गन्ना आयुक्त से किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कुसौरा क्रय केंद्र से संबंधित गन्ना किसानों को रुधौली चीनी मिल से हटाकर मुंडेरवा चीनी मिल से संबद्ध करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि किसानों के हित और सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबद्धता में परिवर्तन किए जाने से क्षेत्रीय गन्ना किसानों को राहत मिल सकेगी।


