•झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, पूर्व छात्र परिषद ने आचार्यों को किया सम्मानित
मथुरा। डैंपियर नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में नंदोत्सव धूमधाम और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वृंदावन के संत गौरवानंद जी महाराज ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।


विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश सिकरवार ने अतिथियों का परिचय कराया और उनका सम्मान किया। इस अवसर पर विद्यालय के 208 भैया-बहन श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप में शामिल हुए।
नंदोत्सव में बधाई गायन के साथ नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वासुदेव द्वारा कन्हैया को गोकुल ले जाने की झांकी और मटकी फोड़ लीला विशेष आकर्षण रही। बाल स्वरूपों को मक्खन-मिश्री का भोग लगाया गया तथा उन्हें उपहार भी प्रदान किए गए। आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संचालन दीप्ति वार्ष्णेय ने किया, जबकि व्यवस्थापक सुनील अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया।
इसी अवसर पर पूर्व छात्र परिषद की ओर से आचार्य सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विद्यालय के अनेक पूर्व छात्रों ने उपस्थित होकर अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा और समर्पण व्यक्त किया तथा सभी आचार्यों को सम्मानित किया। पूर्व छात्रों ने विद्यार्थी जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए अपने अनुभव भी बताए।
कार्यक्रम में सुभाष चंद्र एडवोकेट, अनुराग बंसल, मीनालाल अग्रवाल, राजीव कृष्ण, कीर्ति अग्रवाल, डॉ. प्रकाश चंद, सुमित बंसल, सौरभ अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पूर्व छात्र परिषद के कार्यक्रम में अनुराग बंसल, रूपेंद्र गौरव, सिद्धार्थ, अंशुल, बृजमोहन, सुमित, कीर्ति शर्मा और मयंक माथुर का सहयोग रहा।


