रिपोर्ट: विजय नागपाल।
कोसीकलां। राधा बिहार कॉलोनी में रविवार शाम पीएनजी लाइन में आग लगने से अफरातफरी मच गई। तेज धमाके के साथ गैस लाइन से 10 से 12 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। करीब आधे घंटे तक गैस का रिसाव जारी रहने से कॉलोनीवासियों में दहशत फैल गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग झुलसकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।
कॉलोनी निवासी मुकुट ने बताया कि रविवार शाम करीब आठ बजे अचानक तेज धमाका हुआ। आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले तो कॉलोनी के गेट के पास बने पीएनजी चैंबर से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग आसपास फैलने लगी और गैस चैंबर तक पहुंच गई। लपटें काफी ऊंची होने के कारण लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
मुकुट का आरोप है कि पीएनजी लाइन का काम करने वाले ठेकेदार द्वारा चैंबर पर ढक्कन नहीं लगाया गया था, जिसके चलते लाइन ने आग पकड़ ली। घटना के बाद ग्रीन गैस लिमिटेड के कार्यालय में फोन कर सूचना देने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब आधे घंटे तक गैस का रिसाव होता रहा और इस दौरान 10 से 12 फीट ऊंची लपटें निकलती रहीं। लोगों ने एहतियातन रास्ते को बंद कर दिया और घरों से बाहर निकल आए। आपूर्ति बंद होने के बाद स्थिति कुछ नियंत्रित हुई। करीब आधे घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद रास्ते को आवागमन के लिए खोल दिया गया।
हादसे में मुकुट के 14 वर्षीय पुत्र मयंक, 18 वर्षीय पुत्र आदित्य और उनकी बहन मीरा आग की चपेट में आकर झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने पीएनजी लाइन बिछाने में बरती गई कथित लापरवाही की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।


