रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार मथुरा रिफाइनरी द्वारा बुधवार को नराकास, मथुरा के तत्वावधान में सदस्य कार्यलयों और मथुरा रिफाइनरी के लिए एक हिन्दी कार्यशाला का आयोजन किया गया। उक्त कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में मथुरा रिफाइनरी के श्री अभिनव गोस्वामी, महाप्रबंधक (कर्मचारी सेवाएँ), श्री एम के उपाध्याय, मुख्य प्रबंधक (कर्मचारी सेवाएँ) एवं श्री विवेक शर्मा, वरिष्ठ प्रबन्धक (सीसी, सीएसआर) उपस्थित रहे। कार्यशाला की शुरूआत इंडियन ऑयल की राजभाषा गीत से हुई।

अपने स्वागत सम्बोधन में श्री अभिनव गोस्वामी, महाप्रबंधक (कर्मचारी सेवाएँ) ने अपने सम्बोधन में राजभाषा हिन्दी हमारे प्रशासनिक कार्यों को अधिक सरल, सुगम एवं प्रभावी बनाने का एक सशक्त माध्यम है। हिन्दी केवल हमारी अभिव्यक्ति का माध्यम ही नहीं है, बल्कि यह हमें अपनी जड़ों, संस्कृति और व्यापक जनसमुदाय से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी भी है। आज के तकनीकी एवं डिजिटल युग में हिन्दी में कार्य करना पहले की अपेक्षा कहीं अधिक सरल और सुविधाजनक हो गया है।
विभिन्न डिजिटल एवं तकनीकी उपकरणों के माध्यम से हम राजभाषा हिन्दी का प्रयोग अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में और अधिक प्रभावी ढंग से कर सकते हैं। इस हिन्दी कार्यशाला का उद्देश्य केवल राजभाषा संबंधी नियमों एवं प्रावधानों की जानकारी प्रदान करना ही नहीं है, बल्कि कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के प्रयोग को सहज, सरल और व्यावहारिक बनाना भी है।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में श्री दीपक कुमार साह,वारिष्ठ अधिकारी (हिन्दी व सीएसआर) ने कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिन्दी के नियम-अधिनियमों के अनुपालन तथा हिन्दी समन्वयकों की भूमिका पर चर्चा करते हुए विस्तृत जानकारियां प्रदान की।
इसके पश्चात, कार्यशाला के द्वितीय सत्र में काहूत द्वारा “लाइव हिन्दी प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। नराकास, मथुरा की वार्षिक पत्रिका “ब्रज रश्मि” के रचनाकारों को प्रतिभागिता पुरस्कार प्रदान किए गए। धन्यवाद ज्ञापन के साथ उक्त प्रतियोगिता का समापन हुआ।


