•मलबे की चपेट में आने से घायलों में कुछ की हालत गंभीर, जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। शहर के आर्यनगर स्थित पंजाबी धर्मशाला में गणेश उत्सव के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक धर्मशाला का छज्जा भरभराकर गिर गया। छज्जा गिरने से वहां मौजूद कई लोग मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबे की चपेट में आए लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि घायलों में कुछ की हालत गंभीर है।
हादसे के बाद प्रशासन ने मौके की स्थिति को संभालते हुए राहत कार्य तेज कर दिया। घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। गणेश उत्सव के दौरान हुए इस हादसे से क्षेत्र में चिंता का माहौल है।


