बस्ती। गणपति महोत्सव के समापन पर हिंदू युवा दहसत कमेटी के अध्यक्ष एवं वार्ड नंबर-21 के पूर्व सभासद प्रत्याशी पंडित राघवेंद्र रतन पाण्डेय उर्फ गन्नू के नेतृत्व में गुरुवार को भगवान गणपति की प्रतिमा का विधि-विधान से विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद गणपति बप्पा को भावपूर्ण विदाई दी। इस दौरान गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
विसर्जन से पूर्व भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि, शांति और परिवार के मंगल की कामना की। प्रतिमा विसर्जन के समय मंत्रोच्चार करते हुए भगवान गणपति से अगले वर्ष पुनः पधारने की प्रार्थना की गई। इस दौरान “ॐ यान्तु देवगणाः सर्वे पूजामादाय मामकीम्। इष्टकामसमृद्ध्यर्थं पुनरागमनाय च॥” मंत्र का जाप किया गया।
इस अवसर पर पंडित संतोष रतन पाण्डेय, श्वेता, अन्मोल रतन पाण्डेय, नीशा, श्रुति, श्रीहरि, शताक्षी समेत ब्राह्मण समाज के अन्य श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भक्तों ने भगवान गणेश के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की।
श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारों के साथ प्रतिमा को विसर्जन स्थल तक पहुंचाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं ने गणपति महोत्सव को आपसी सौहार्द, एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक बताया।


