अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न उद्योगों, उत्पादों, तकनीकी नवाचारों, स्टार्टअप और व्यापारिक गतिविधियों को नजदीक से देखा और उनके बारे में जानकारी प्राप्त की। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ उद्योग जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली, नवीन तकनीकों, उद्यमिता और व्यावसायिक गतिविधियों से परिचित कराना रहा।
विद्यार्थियों को रवाना करते हुए कुलसचिव कमांडर मनोज के. ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक परिस्थितियों को समझने और अपने ज्ञान को व्यावहारिक रूप देने का अवसर प्रदान करते हैं। परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कक्षा शिक्षण के साथ औद्योगिक एवं व्यावहारिक अनुभव भी आवश्यक है। डीन रिसर्च प्रो. रविकांत ने कहा कि नवाचार और उद्यमिता आज के समय में युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रहे हैं।
ट्रेड शो में विद्यार्थियों ने विभिन्न स्टॉल का अवलोकन कर नवीन तकनीकों, स्वदेशी उत्पादों, व्यवसायिक मॉडलों और स्टार्टअप के अवसरों की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने उद्योग प्रतिनिधियों से संवाद कर व्यापार संचालन और उत्पादों से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की। विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों के साथ प्रियांशी गोयल, डा. ओसामा एजाज, डा. रवि शेखर व पंकज निगम मौजूद रहे।


