मथुरा। “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारत” थीम पर आधारित जनपद स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन आज कलेक्ट्रेट सभागार, मथुरा में भव्य रूप से संपन्न हुआ।
इस प्रतियोगिता में जनपद के समस्त विकासखंडों से ब्लॉक स्तर पर चयनित सर्वश्रेष्ठ 05 छात्र-छात्राओं ने अपने अभिभावकों के साथ उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। नन्हे प्रतिभागियों ने अपनी तूलिका और रंगों के माध्यम से भारत के प्रति अपने सपनों, विचारों एवं कल्पनाओं को बहुत ही मनमोहक और रचनात्मक ढंग से कैनवास पर उकेरा।

प्रतियोगिता के दौरान परिषदीय विद्यालयों के 05 उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) की 03 सर्वश्रेष्ठ छात्राओं का चयन कर उन्हें सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इस कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता एवं जिला विकास अधिकारी श्रीमती गरिमा खरे शामिल रहीं। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की चित्रकृतियों का बारीकी से अवलोकन करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की और सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में माननीय राज्यसभा सांसद श्री चौ. तेजवीर सिंह, माननीय लोकसभा सांसद श्रीमती हेमा मालिनी के प्रतिनिधि श्री जनार्दन शर्मा, बलदेव विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री पूरन प्रकाश, भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष श्री अनिल चौधरी, जिला मंत्री श्री सुरेश तरकर, महानगर उपाध्यक्ष श्री रामकिशन पाठक उपस्थित रहे।
इसके साथ ही, विशेष आमंत्रित प्रशासनिक अधिकारियों में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला विकास अधिकारी श्रीमती गरिमा खरे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती रतन कीर्ति सहित जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, एस.आर.जी. (SRG), ए.आर.पी. (ARP), संबंधित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावकगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने विद्यालयों में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट एवं अभिनव कार्यों के संबंध में अपने सकारात्मक विचार साझा किए। इस आयोजन ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता और देश के भविष्य के प्रति उनकी दूरगामी सोच को एक सशक्त मंच प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती रतन कीर्ति ने इस आयोजन की सफलता के लिए माननीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, जिला समन्वयकों, एस.आर.जी., ए.आर.पी., शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों तथा इस आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी कर्मचारियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।


