रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर/नैमिषारण्य। आदितीर्थ नैमिषारण्य की पावन भूमि पर आयोजित भागवत महाकुंभ के शुभारंभ अवसर पर कालीपीठ से चक्रतीर्थ तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। घोड़ा-बग्घी, बैंड-बाजे, धार्मिक ध्वजों और श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा नैमिषारण्य भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।
देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और धार्मिक उल्लास ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। शोभायात्रा में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, विधायक रामकृष्ण भार्गव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
भागवत महाकुंभ में श्रीमद्भागवत कथा का वाचन पूज्या धनश्री लेले तथा श्रीराम कथा का प्रवचन चारुदत्त आफले द्वारा किया जा रहा है। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, धर्म और सनातन संस्कृति के संदेश से जोड़ा जा रहा है।
आयोजन के आयोजक कालीपीठाधीश्वर गोपाल शास्त्री, प्रधान पुजारी, श्री ललिता देवी मंदिर, नैमिषारण्य तथा संयोजक महंत भास्कर शास्त्री, कालीपीठ हैं।
भागवत महाकुंभ के आयोजन से नैमिषारण्य की आध्यात्मिक परंपरा, धार्मिक आस्था और सनातन संस्कृति की समृद्ध विरासत की भव्य झलक देखने को मिल रही है।


