लखनऊ। प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने गुरुवार को केस्को के यूनिफाइड कस्टमर केयर सेंटर (यूसीसीसी-1912) का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सेंटर की कार्यप्रणाली, उपभोक्ताओं की शिकायतों के पंजीकरण और निस्तारण के साथ कॉल सेंटर के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान रणवीर प्रसाद ने अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया और उसकी गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने उपभोक्ताओं को मिलने वाली सेवाओं तथा शिकायतों के समाधान में लगने वाले समय की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायत दर्ज होने के बाद उसके समाधान तक प्रभावी निगरानी रखी जाए।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। कॉल सेंटर पर प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के साथ संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि उपभोक्ताओं को शीघ्र राहत मिल सके।
उन्होंने उपभोक्ताओं से संवाद के दौरान विनम्र व्यवहार और उनकी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।
प्रमुख सचिव ने कहा कि उपभोक्ता सेवा विद्युत विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसलिए शिकायत निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाते हुए उपभोक्ताओं को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


