मथुरा। बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाडपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहायक शिक्षक भरत किशोर को निलंबित कर दिया है। विद्यालय की बदहाली और ग्राम प्रधान व प्रभारी प्रधानाध्यापक के साथ अभद्रता के आरोपों पर यह कार्रवाई की गई।
ग्राम प्रधान की शिकायत पर बीएसए रतन कीर्ति ने 18 और 22 सितंबर को जांच के निर्देश दिए थे। खंड शिक्षा अधिकारी माठ की जांच आख्या में विद्यालय की जर्जर दीवार, खुले बिजली के तार, गंदे शौचालय और परिसर में फैली गंदगी का उल्लेख मिला। विद्यालय में रसोई की व्यवस्था नहीं, खिड़कियों पर फट्टे लगे मिले।
जांच में अनुदान के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितता की भी आशंका जताई गई है। अभिलेखों में कार्य नहीं मिला जबकि राशि निकाली जा चुकी है। प्रभारी प्रधानाध्यापक के साथ गाली-गलौज के आरोप भी पुष्ट हुए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए रतन कीर्ति ने तत्काल प्रभाव से शिक्षक को निलंबित कर विकास खंड माठ के रामनगरी विद्यालय से संबद्ध कर दिया है।


