-औपचारिक मुलाकात के साथ शिक्षा व्यवस्था को लेकर हुआ सकारात्मक संवाद
विजय दूत(मयंक त्रिपाठी)
औरैया। जनपद के नवनियुक्त जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कमलेश पांडे से गुरुवार को शिक्षकों एवं प्रधानाचार्यों के प्रतिनिधिमंडल ने औपचारिक मुलाकात कर उनका स्वागत किया और नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। जिला विद्यालय निश्चित प्रदीप कुमार मौर्य के रिटायर होने के बाद राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य कमलेश पांडे को जिला विद्यालय निरीक्षक का चार्ज मिला है।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिले की माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में सकारात्मक कार्य होगा।
इस दौरान चंदेल गुट के जिला अध्यक्ष उमाकांत दीक्षित एवं जिला महामंत्री पवन कुमार तिवारी , प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष एवं जनता इंटर कॉलेज अजीतमल के प्रधानाचार्य कृष्ण मोहन उपाध्याय, तिलक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अजय कुमार दीक्षित, कृष्ण प्रताप सिंह, चेस क्रीड़ा के जिला अध्यक्ष डॉ. उपेंद्र मिश्रा, क्रीड़ा जिला मंत्री भूपदीप सिंह, चंद्रपाल यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने डीआईओएस कमलेश पांडे का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी।
मुलाकात के दौरान विद्यालयों से जुड़े विभिन्न विभागीय विषयों, शिक्षकों की समस्याओं, विद्यालयों के बेहतर संचालन और विभागीय कार्यों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालयों से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई। इस अवसर पर डीआईओएस कमलेश पांडे ने कहा कि विभागीय सभी कार्य प्राथमिकता और पारदर्शिता के साथ कराए जाएंगे। विद्यालयों, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा तथा कोई भी समस्या बेवजह लंबित नहीं रहने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने भी जिले की माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में प्रधानाचार्य एवं शिक्षक समुदाय की ओर से पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। मुलाकात के दौरान शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक माहौल में विचार-विमर्श हुआ।


