•तीन से 23 अक्टूबर तक 21 दिन राममय रहेगी मथुरा नगरी।
मथुरा। ब्रज की पावन भूमि पर श्री रामलीला सभा के तत्वावधान में तीन से 23 अक्टूबर तक 21 दिवसीय श्री रामलीला महामहोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष का महोत्सव एमआर ग्रुप के संस्थापक स्व. सुरेश चन्द्र अग्रवाल की 75वीं जयंती को समर्पित रहेगा।
श्री रामलीला सभा ने उनके परिवार स्वीटी बाय एमआर ग्रुप को इस वर्ष महोत्सव के आतिथ्य का सौभाग्य प्रदान किया है।
एमआर ग्रुप के चेयरमैन सुनील अग्रवाल ने बताया कि परिवार के लिए यह अवसर श्रद्धा और भावनाओं से जुड़ा है। रामलीला महोत्सव के साथ स्व. सुरेश चन्द्र अग्रवाल की 75वीं जयंती का जुड़ना उनके प्रति सम्मान और स्मरण का विशेष अवसर बन गया है।
महोत्सव का शुभारंभ तीन अक्टूबर को मुकुट पूजन के साथ होगा। इसके बाद तुलसी चरित्र, शिव-पार्वती विवाह, श्रीराम जन्म, धनुष यज्ञ, श्रीराम-जानकी विवाह सहित विभिन्न लीलाओं का मंचन होगा। वनवास, सीता हरण, लंका दहन और दशहरा मेला के साथ भरत मिलाप तथा राज्याभिषेक जैसे प्रमुख प्रसंग भी प्रस्तुत किए जाएंगे। समापन 23 अक्टूबर को होगा।


