रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। राप्ती नदी के बढ़े जलस्तर के कारण तहसील डुमरियागंज क्षेत्र में अब तक कुल 37 ग्राम बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। जनसामान्य की सुविधा एवं आवागमन के लिए प्रशासन द्वारा 10 नाव तथा 06 मोटरबोट लगाए गए हैं।
उपजिलाधिकारी डुमरियागंज विवेकानंद मिश्रा ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए प्रशासन पूरी तरह तत्पर है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लेखपालों एवं राजस्व निरीक्षकों की टीमें लगातार सक्रिय रहकर स्थिति पर निगरानी रख रही हैं तथा आवश्यकतानुसार लोगों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
तहसील मुख्यालय पर 24 घंटे बाढ़ राहत कंट्रोल रूम सक्रिय है। बाढ़ से संबंधित किसी भी सूचना अथवा सहायता के लिए कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 7704093942 पर संपर्क किया जा सकता है।
इसी क्रम में आज उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्रा नायब तहसीलदार राघवेन्द्र पाण्डेय, राजस्व निरीक्षक रमेश चन्द्र श्रीवास्तव तथा लेखपाल प्रवेश कुमार शुक्ला, देवेन्द्र कुमार राठौर, सत्येन्द्र कुमार मिश्र सहित राजस्व टीम के साथ बाढ़ प्रभावित ग्राम भरवठिया मुस्तहकम, पेडरियाजीत, बिलरिया, बढ़या सहित अन्य ग्रामों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाढ़ की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित राजस्व कर्मियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा प्रभावित लोगों की आवश्यकतानुसार सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


