रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। मांट विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आठ बार विधायक रह चुके श्याम सुंदर शर्मा की कांग्रेस में वापसी के बाद क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। संभावित मुकाबले को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थक अपने-अपने दावे कर रहे हैं।
स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार, यदि चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और इंडिया गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला होता है तो श्याम सुंदर शर्मा की क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक पकड़ मुकाबले को दिलचस्प बना सकती है। वहीं, भाजपा समर्थक वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में राजेश चौधरी की जीत और उनके कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों को आधार बनाकर उनकी स्थिति मजबूत होने का दावा कर रहे हैं।
दूसरी ओर, श्याम सुंदर शर्मा के समर्थक उनके व्यक्तिगत जनाधार तथा सपा-कांग्रेस के संभावित संयुक्त समर्थन को आधार बनाकर इंडिया गठबंधन की स्थिति मजबूत होने की बात कह रहे हैं। हालांकि, चुनावी तस्वीर स्पष्ट होने में अभी समय है और अंतिम परिणाम मतदाताओं के निर्णय पर निर्भर करेगा।
सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ दिल्ली पहुंचे शर्मा
कांग्रेस में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हुए श्याम सुंदर शर्मा के काफिले को लेकर भी क्षेत्र में खूब चर्चा रही। बताया गया कि वह यमुना एक्सप्रेसवे के राया कट और बाजना कट से समर्थकों के साथ वाहनों के काफिले में दिल्ली के लिए रवाना हुए। समर्थकों ने इसे कांग्रेस में उनकी वापसी को लेकर उत्साह का प्रतीक बताया। उनके समर्थकों का दावा है कि उनकी वापसी से मथुरा के साथ ही ब्रज क्षेत्र में भी कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।
कांग्रेस में शामिल होते ही अपने अंदाज में दिया बयान
कांग्रेस में शामिल होने के बाद श्याम सुंदर शर्मा अपने चिर-परिचित अंदाज में दिए गए बयान को लेकर भी चर्चा में रहे। उन्होंने ‘बागबान’ फिल्म के संवाद का संदर्भ देते हुए कहा, “फिल्म में कहते हैं कि ये बुड्ढा किस काम का? लेकिन आज मैं कहता हूं कि यह बुड्ढा बहुत काम का है।” उनके इस बयान की समर्थकों के बीच चर्चा रही।


