•119 प्रार्थना पत्रों में सात का मौके पर निस्तारण, शेष के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। शासन के निर्देश पर शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सदर में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
तहसील सदर में कुल 119 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें सात का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को भेजते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ शिकायतों का समाधान करने को कहा गया।
इसी क्रम में तहसील चुनार में अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व विजेता के समक्ष प्राप्त 64 शिकायतों में चार, मड़िहान में उप जिलाधिकारी संतोष कुमार ओझा के समक्ष 76 में पांच तथा लालगंज में उप जिलाधिकारी अजीत कुमार के समक्ष प्राप्त 48 प्रार्थना पत्रों में तीन का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील सदर में उप जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्र, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी अशोक त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी राजीव कुमार शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


