•लुटियंस दिल्ली की प्रमुख सरकारी जमीनों को कब्जे व लीज से मुक्त कराने की कवायद तेज।
•वायुसेना गोल्फ कोर्स की जमीन वापस लेने की प्रक्रिया।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के अति-संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल इलाके लोक कल्याण मार्ग स्थित वायुसेना गोल्फर कोर्स को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने गोल्फ कोर्स के उपयोग में आ रही बेशकीमती जमीन को वापस लेने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना के तहत यह भूमि आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय को वापस सौंपी जाएगी। इस संबंध में संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों ने रक्षा मंत्रालय, भारतीय वायुसेना सहित सभी संबंधित विभागों को आधिकारिक रूप से सूचित कर दिया है।
पीएम आवास के बेहद करीब है भूखंड
लोक कल्याण मार्ग स्थित यह भूखंड सुरक्षा और रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इसकी स्थिति प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास के बेहद करीब है। जमीन वापस मिलने के बाद आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय इस क्षेत्र के पुनर्विकास अथवा किसी अन्य रणनीतिक एवं प्रशासनिक उपयोग को लेकर विस्तृत योजना तैयार कर सकता है।
लुटियंस दिल्ली की प्रमुख जमीनों पर कार्रवाई तेज
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब भूमि एवं विकास कार्यालय (एलएंडडीओ) ने लुटियंस दिल्ली क्षेत्र में पहले से लीज पर दी गई अथवा कथित रूप से अतिक्रमित सरकारी जमीनों को वापस लेने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस अभियान के दायरे में वायुसेना गोल्फ कोर्स के अलावा दिल्ली रेस क्लब, इंडियन पोलो एसोसिएशन और ऐतिहासिक दिल्ली जिमखाना क्लब जैसी प्रमुख संस्थाओं द्वारा इस्तेमाल की जा रही संपत्तियां भी शामिल हैं।
सार्वजनिक हित में बेहतर उपयोग की तैयारी
हालांकि सरकार की ओर से वायुसेना गोल्फ कोर्स की जमीन के अंतिम उपयोग को लेकर अभी कोई आधिकारिक सार्वजनिक घोषणा नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार, यह कदम राजधानी की बेशकीमती सरकारी जमीनों के बेहतर प्रबंधन और आधुनिक सुविधाओं के साथ सार्वजनिक हित में प्रभावी उपयोग की व्यापक योजना का हिस्सा है।
2017 में भी जारी किए गए थे नोटिस
गौरतलब है कि वर्ष 2017 में भी भूमि एवं विकास विभाग ने वायुसेना खेल परिसर, जयपुर पोलो ग्राउंड और ओल्ड विलिंगडन कैंप समेत पांच संपत्तियों को खाली कराने के लिए नोटिस जारी किए थे। हालांकि, उस समय इस मामले में आगे कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी थी। अब एक बार फिर प्रक्रिया शुरू होने से प्रशासनिक और रक्षा विभाग से जुड़े गलियारों में हलचल तेज हो गई है।


