•लोक भवन लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्रों का वितरण, जनपद में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ सजीव प्रसारण।
केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शनिवार को लोक भवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का जनपद में भी सजीव प्रसारण किया गया, जिसे विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में छात्र-छात्राओं तथा जनप्रतिनिधियों ने देखा और सुना।
जनपद में कक्षा 9-10 एवं 11-12 के पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कुल 1240 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के लिए जनपद के विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में समुचित व्यवस्थाएं की गई थीं।
हीरालाल राम निवास इण्टर कालेज, खलीलाबाद में सदर विधायक अंकुर राज तिवारी, श्रीराम नरेश बुद्धिसागर इण्टर कालेज, उदहां, पौली धनघटा में धनघटा विधायक गणेश चन्द्र चौहान तथा राम नरेश चौधरी इण्टर कालेज, रमवापुर सरकारी, मेंहदावल में मेंहदावल विधायक अनिल त्रिपाठी के प्रतिनिधि द्वारा छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक उपेन्द्र कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चन्द्र तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी बृजेश कुमार सहित अन्य गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


