•विकसित भारत संकल्प सभा में हरीश द्विवेदी ने दिलाया राष्ट्र निर्माण का संकल्प
बस्ती। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को शास्त्री चौक पर विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी, जिला प्रभारी सत्येंद्र सिन्हा, जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, हर्रैया विधायक अजय सिंह, पूर्व विधायक रवि सोनकर, दयाराम चौधरी, नगरपालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र नाथ तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ ‘वंदे भारत गीत’ के साथ हुआ। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उद्बोधन का सजीव प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने दोनों नेताओं के संबोधन को सुना और उनके संदेश से अवगत हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक संकल्प है। देश के विकास में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने लोगों से सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इसके बाद उपस्थित लोगों ने विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। राष्ट्रगान के दौरान कार्यक्रम स्थल देशभक्ति की भावना से सराबोर रहा।
इसके पश्चात दीप प्रज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया गया। शास्त्री चौक से चार अलग-अलग दिशाओं में रवाना हुई सेवा ज्योति यात्राओं के माध्यम से सेवा, समर्पण, राष्ट्रभक्ति और विकसित भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। छात्र-छात्राओं और अन्य प्रतिभागियों ने भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं राष्ट्रभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। संस्कृत प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा और संस्कृति का संदेश दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक आनंद लिया।


