•चंदूपुर मोहल्ले में पेयजल संकट, शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख। नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला चंदूपुर में घर-घर पेयजल पहुंचाने की योजना को जिम्मेदारों की लापरवाही से झटका लग रहा है। मोहल्ले में स्थापित पानी की टंकी से नियमित जलापूर्ति नहीं होने के कारण यह टंकी महज शोपीस बनकर रह गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मोहल्ले में दीपक त्रिपाठी के पास पानी की टंकी स्थापित है, लेकिन उसमें पानी की सप्लाई नहीं पहुंच रही है। जलापूर्ति शुरू कराने के लिए नगर पालिका को कई बार सूचना दी गई, लेकिन समस्या का अब तक समाधान नहीं हुआ।
लोगों का कहना है कि नगर पालिका की ओर से जलकर सहित विभिन्न करों की वसूली नियमित रूप से की जाती है, लेकिन पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे मोहल्ले के लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर जलापूर्ति व्यवस्था की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। साथ ही नगर क्षेत्र में जिन पानी की टंकियों से जलापूर्ति नहीं हो रही है, उनकी तकनीकी जांच कराकर आवश्यक मरम्मत कराने और जल्द से जल्द नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।


