•मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा वृहद आन्दोलन- का. रामलौट
बस्ती। गुरूवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माले) ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी बस्ती के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण ‘एसआईआर’ और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चिंता जताई गई है। माले व भाकपा नेताओं ने कहा कि हाल के दिनों में निर्वाचन आयुक्तों द्वारा उठाए गए मुद्दों से निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और उसकी निष्पक्षता पर सवाल खड़े हुए हैं।
पार्टी ने आरोप लगाया कि मतदाता पंजीकरण, नाम हटाने और एसआईआर से जुड़े कई फैसलों पर आपत्तियां दर्ज की गई हैं। नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और विकेंद्रीकरण के दावों के बीच ऐसी प्रक्रियाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास को प्रभावित करती हैं।
राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में मांग किया गया है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए, एसआईआर प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए तथा मतदाता सूचियों से गलत तरीके से बाहर किए गए लोगों का मतदान अधिकार बहाल किया जाए। साथ ही निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने की मांग की गई।
माले ने निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव कर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा प्रस्तावित चयन समिति के आधार पर नियुक्ति किए जाने की मांग भी रखी। पार्टी के अनुसार चयन समिति में प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश को शामिल किया जाना चाहिए।
ज्ञापन देने के बाद भाकपा माले जिला प्रभारी रामलौट व भाकपा सह सचिव का.रामदयाल ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े इन मुद्दों पर सरकार और निर्वाचन आयोग को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं की गईं तो माले की ओर से वृहद आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन देने के बाद पार्टी के साथियो की बैठक हुई बैठक में 26 अक्टूबर को विस्तृत बैठक करने का निर्णय व माकपा के वरिष्ठ नेता का.के.के. तिवारी के आकस्मिक निधन पर दुख प्रकट कर सभी साथियो ने 2 मिनट का मौन होकर कर शोक संवेदना प्रकट किया।
ज्ञापन देने वालों में भाकपा सह सचिव रामदयाल, वरिष्ठ नेता श्याम मनोहर का.राजकुमार प्रजापति का रेनूबाला, का.जवाहर प्रसाद, का.दात्रे,विनय कुमार, का.रामानंद, गौरीशंकर, सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।


