•मथुरा की महिला पत्रकारों का 3 एसी रेल यात्रा का किराया उठाएगी श्रमजीवी पत्रकार यूनियन
मथुरा। इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन (आईजेयू) के नेतृत्व में देश की पहली राष्ट्रीय महिला पत्रकार कॉन्फ्रेंस 24 और 25 अक्टूबर को हैदराबाद में आयोजित होगी। तेलंगाना स्टेट यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (टीयूडब्ल्यूजे) की मेजबानी में होने वाले इस सम्मेलन में देशभर की महिला पत्रकार मीडिया जगत से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगी।
सम्मेलन का आयोजन हैदराबाद के बेगमपेट स्थित होटल टूरिज्म प्लाजा में किया जाएगा। इसमें करीब 28 राज्यों से 115 महिला पत्रकार प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा तेलंगाना की लगभग 80 महिला पत्रकार भी हिस्सा लेंगी। महिला प्रतिनिधियों के ठहरने की व्यवस्था भी होटल में की जाएगी।
दो दिवसीय सम्मेलन में महिला पत्रकारों के सामने आने वाली चुनौतियों, उनके समाधान, मीडिया क्षेत्र में हो रहे बदलाव, महिला पत्रकारों के भविष्य, डिजिटल मीडिया के प्रभाव और महिलाओं की ट्रेड यूनियन में भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा। सम्मेलन में राष्ट्रीय स्तर की प्रमुख हस्तियों को वक्ता के रूप में आमंत्रित किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की मथुरा इकाई ने सम्मेलन में शामिल होने वाली महिला पत्रकारों के लिए विशेष पहल की है। इकाई के जिलाध्यक्ष एवं इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन के राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र भारद्वाज के अनुसार, मथुरा से सम्मेलन में भाग लेने वाली महिला पत्रकारों का आने-जाने का थ्री एसी रेल किराया यूनियन की मथुरा इकाई वहन करेगी।
सम्मेलन में भाग लेने की इच्छुक महिला पत्रकारों से 12 अक्टूबर 2026 तक संपर्क करने की अपील की गई है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8392801000 पर संपर्क किया जा सकता है।


