रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत आयोजित विशेष बूथ दिवस पर उपजिलाधिकारी डुमरियागंज विवेकानंद मिश्र ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
इस दौरान उपजिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय शाहपुर स्थित भाग संख्या 92, 93, 94 एवं 95, प्राथमिक विद्यालय चौखड़ा स्थित भाग संख्या 23, 24 एवं 25 तथा पीआईसी डुमरियागंज स्थित भाग संख्या 193, 194, 195, 196, 197, 198, 199 एवं 200 का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं सुपरवाइजरों से मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने निर्देशित किया कि अभियान के अंतर्गत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने, अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन के कार्य को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए।
उपजिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि विशेष बूथ दिवस पर प्राप्त होने वाले दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तत्परता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान सम्बंधित बूथों के बी एल ओ तथा सुपरवाइजर उपस्थित रहे


