•तीन केंद्रों पर सुपरवाइजरों और प्रगणकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण, डीएम सहित वरिष्ठ अधिकारी करेंगे उद्घाटन
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को गति देने के लिए जनपद में सुपरवाइजरों और प्रगणकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम 26 अक्टूबर से शुरू होगा। जनगणना कार्य को व्यवस्थित, सुचारु और निर्धारित समयावधि में संपन्न कराने के उद्देश्य से तीन प्रशिक्षण केंद्रों पर फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी बृजेश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी करेंगे।
जिला जनगणना अधिकारी अविनाश चन्द्र मौर्य ने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संपन्न कराने के लिए सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए जनपद में तीन प्रशिक्षण स्थलों का निर्धारण किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुदिति ग्लोबल एकेडमी, औरैया में जिलाधिकारी बृजेश कुमार, डायट अजीतमल में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी तथा रेपिड ग्लोबल स्कूल, बिधूना में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों को जनगणना संबंधी कार्यों के निष्पादन, निर्धारित प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों का उद्देश्य प्रशिक्षण के माध्यम से जनगणना कर्मियों को कार्य के लिए तैयार करना है, ताकि आगामी जनसंख्या गणना निर्धारित मानकों के अनुसार संपन्न हो सके।


