•65 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद, चोरी में इस्तेमाल उपकरण भी मिले
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मिर्जापुर। कटरा कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय खरवार गैंग के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 65 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल होने वाले पेचकस, प्लास, रम्भा, हथौड़ा और छेनी भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त 2026 को कटरा कोतवाली क्षेत्र के चिनियहवा इनारा, डंकीनगंज निवासी रोहित कुमार विश्वकर्मा ने अपनी दुकान में रात के समय अज्ञात चोरों द्वारा आभूषण चोरी किए जाने की तहरीर दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 268/2026 के तहत धारा 305(ए) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए चोरी का जल्द खुलासा करने और चोरी गई संपत्ति बरामद करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 25 अक्टूबर 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कटरा कोतवाली पुलिस, एसओजी व सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना तथा भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के कैमूर निवासी गौतम खरवार और प्रेम मांझी, भोजपुर निवासी प्रेम खरवार तथा रोहतास जिले के राजकुमार खरवार, चैंपियन कुमार, बीरेंद्र कुमार, विकास कुमार और आनंद कुमार खरवार के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।


