रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। लालडिग्गी स्थित नगर पालिका परिषद के प्रधान कार्यालय के छत्रपति शिवाजी सभागार में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अंतर्गत विद्यालयों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ नपाध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने बैठक की।
बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने की। इसमें शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, कचरे के उचित निस्तारण तथा आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने, ठोस कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने और स्वच्छता अभियान में सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया। नगर पालिका अध्यक्ष ने संबंधित संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, विद्यालयों एवं सामाजिक संगठनों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने तथा आमजन को जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ मीरजापुर, स्वस्थ मीरजापुर का संकल्प तभी पूरा होगा, जब नगर पालिका के साथ-साथ व्यापारी, विद्यालय, सामाजिक संगठन और नगरवासी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएंगे। उन्होंने सभी से नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष शिवकुमार मुंदरा, सभासद पति रूपेश यादव, सभासद इंद्रजीत पटेल, धीरज सोनकर, सभासद पति किशन कसेरा, मृत्युंजय त्रिपाठी, महेश गुप्ता, प्रशांत गुप्ता, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के सदस्य अनिल कुमार गुप्ता, पीतल-बर्तन मंत्री वीरेंद्र सिंह, सभासद विजय शंकर प्रजापति, सनत केसरी, रवि प्रकाश, नोमान अंसारी, योगेश मिश्रा एवं अपराजिता केसरी सहित अनेक व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


