•आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में खराब प्रदर्शन पर कार्रवाई, थाना-चौकी प्रभारियों को समयबद्ध निस्तारण की चेतावनी
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। जनसुनवाई और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने सख्त कार्रवाई की है। समीक्षा में खराब प्रदर्शन सामने आने पर अजीतमल के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार समेत तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। कार्रवाई की जद में भदसान और सांफर चौकी के प्रभारी भी आए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई, आईजीआरएस पोर्टल और तहसील दिवस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। इस दौरान विभिन्न थानों और चौकियों के कामकाज का आकलन किया गया। शिकायतों के निस्तारण में अपेक्षित सुधार नहीं मिलने और प्रदर्शन खराब पाए जाने पर तीन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
एसपी अभिषेक भारती ने सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई और आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों को गंभीरता से न लेने, निस्तारण में अनावश्यक देरी करने और कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने के साथ उसकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।


