धनघटा तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश।

Spread the love

विधायक, डीएम और एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं; हैंसर विकासखंड परिसर में किया वृक्षारोपण, तीनों तहसीलों में कुल 262 प्रार्थना पत्र प्राप्त

संत कबीर नगर। धनघटा तहसील में शनिवार को विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

विधायक गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनें और समस्याओं का निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।

जिलाधिकारी आलोक कुमार ने शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद सहित अन्य मामलों में सभी पक्षों की मौजूदगी में स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

धनघटा तहसील में कुल 63 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने की और पुलिस अधिकारियों को पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत विधायक, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने हैंसर विकासखंड परिसर में सिंदूर एवं रुद्राक्ष के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।

इसी क्रम में मेहदावल तहसील में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 82 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 13 का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि 17 मामलों में स्थलीय जांच के निर्देश दिए गए।

खलीलाबाद तहसील में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 117 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 12 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया तथा 8 मामलों में जांच टीम भेजने के निर्देश दिए गए।समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Author

  • Pawan Rastogi

    पवन कुमार रस्तोगी पिछले पाँच वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में न्यूज़ पोर्टल में एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इन्होंने एम.ए., बीएड, पत्रकारिता तथा एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर क्षेत्र में एडीसीए तथा कला के क्षेत्र में बॉम्बे आर्ट जैसे पाठ्यक्रम भी पूर्ण किए हैं।
    समाचार लेखन, संपादन, जनसरोकार से जुड़े विषयों और डिजिटल पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। वे सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सरल, सटीक और विश्वसनीय ढंग से पाठकों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *