रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। दीपावली के पावन पर्व पर शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय वर्मा ने समाज के सच्चे नायकों को नमन किया। विधायक विनय वर्मा और उनकी पत्नी श्रीमती बबिता वर्मा द्वारा बढ़नी कस्बे के डाक बंगला परिसर में एक भव्य सफाई कर्मचारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगर के सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर विधायक और उनकी पत्नी ने एक-एक सफाई कर्मचारी को अपने हाथों से अंगवस्त्र और मिठाई का पैकेट भेंट कर उनके प्रति हृदय से सम्मान और आभार व्यक्त किया। दीपावली की खुशियों में जब पूरा शहर रोशन था, तब विधायक ने उन हाथों को सम्मानित किया जो रोज़ शहर को रोशन और स्वच्छ रखते हैं।
विधायक ने कहा – “आप हमारे स्वच्छता के सिपाही हैं”
सफाई कर्मचारियों को संबोधित करते हुए विधायक विनय वर्मा ने कहा कि समाज की स्वच्छता और स्वास्थ्य को बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। आप सभी हमारे स्वच्छता के सिपाही हैं। दीपावली के शुभ अवसर पर आपको सम्मानित करना हमारा कर्तव्य ही नहीं, सौभाग्य भी है।
उन्होंने सभी कर्मचारियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए आश्वस्त किया कि भविष्य में भी उनके हितों, सम्मान और सुविधाओं के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।
इस अवसर पर विधायक की पत्नी बबीता वर्मा ने कहा कि सफाई कर्मचारी स्वच्छता के सच्चे सिपाही हैं उनके अथक परिश्रम समर्पण और सेवा भावना से ही हमारा नगर स्वच्छ एवं सुंदर बनता है उनके योगदान को सम्मान देना त्यौहार की खुशियों में इन्हें सहभागी बनाना हम सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम के अंत में सभी सफाई कर्मचारियों के चेहरों पर सम्मान पाकर खुशी और गर्व साफ देखा गया।
इस दौरान भाजपा नेता प्रदीप कमलापुरी, रामदास मौर्य, हरगोविंद मिश्र,सहित नगर पंचायत बढ़नी के अधिशासी अधिकारी अजय कुमार सहित कई गणमान्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।


