•रामलीला मैदान में दुकानों का किया निरीक्षण, दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। त्योहारों के मद्देनजर आमजन की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने रामलीला मैदान में लगाई गई पटाखों की दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता परखी। साथ ही दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने की हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने दुकानों पर रखे अग्निशामक यंत्र, बालू, पानी और अन्य अग्निशमन उपकरणों की स्थिति देखी। जिलाधिकारी ने अग्निशामक यंत्रों की एक्सपायरी तिथि स्वयं जांची और उनकी कार्यशीलता के बारे में जानकारी ली। इस दौरान अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर के संचालन का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पटाखा दुकानों पर तैनात दुकानदारों और कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल की पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा सके। उन्होंने निर्धारित स्थानों पर ही पटाखों की बिक्री करने और दुकानों पर अग्निशमन उपकरण हमेशा क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। दुकानों के आसपास ज्वलनशील सामग्री नहीं रखने की भी हिदायत दी।
एसएसपी श्लोक कुमार ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दुकानों के आसपास लगातार निगरानी रखने, भीड़ नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करे। वहीं, दुकानदारों से भी प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
डीएम ने कहा कि त्योहारों के दौरान पटाखों की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंचते हैं। ऐसे में जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें। आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए अग्निशमन विभाग की टीम और फायर ब्रिगेड तैयार रहें। उन्होंने आसपास के अस्पतालों की जानकारी रखने के निर्देश भी दिए। स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी या लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


