संत कबीर नगर के उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा को दी गई भावभीनी विदाई।

Spread the love

संत कबीर नगर। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, संत कबीर नगर में उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा के स्थानांतरण पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। उनका स्थानांतरण उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय, उत्तर प्रदेश, कानपुर में उपायुक्त उद्योग के पद पर हुआ है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संयुक्त आयुक्त उद्योग, बस्ती मंडल, गौरव मिश्र ने श्री शर्मा को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके कार्यकाल की सराहना की तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए सहायक आयुक्त उद्योग जितेंद्र कुमार गौतम ने कहा कि राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में जनपद में निवेश को बढ़ावा देने के लिए उल्लेखनीय कार्य हुए। उनके कुशल मार्गदर्शन में विभाग को आवंटित सभी लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा किया गया।

समारोह के दौरान उद्योग विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित उद्यमी और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ एवं उपहार देकर श्री शर्मा का सम्मान किया। इस अवसर पर पंकज कुमार पाण्डेय, आशीष कुमार सिंह, विशाल श्रीवास्तव, धनश्याम पाण्डेय, जया राणा, पुष्पा देवी, बलवंत कुमार, शैलेन्द्र कुमार, संदीप दूबे एवं जगदम्बा प्रसाद सहित अनेक कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

उद्यमी संगठन की ओर से श्रीराम सिंह, सुभाष शुक्ला एवं रितेश सिंह तथा व्यापारिक संगठन की ओर से विनीत चड्ढा ने भी श्री शर्मा का सम्मान किया।

अपने संबोधन में राजकुमार शर्मा ने बताया कि उन्होंने 2 फरवरी 2021 को संत कबीर नगर में उपायुक्त उद्योग का कार्यभार ग्रहण किया था। उन्होंने कहा कि जनपद में निवेश बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया गया। इस दौरान उन्हें औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों, उद्यमियों, व्यापारियों, कार्यालय कर्मियों तथा जिला प्रशासन का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ।

समारोह में गौरव मिश्र (संयुक्त आयुक्त उद्योग), सुरेश कुमार (सूचना अधिकारी) सहित उद्योग विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, उद्यमी एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *