•उच्च प्राथमिक विद्यालय जोधपुर के समस्त स्टाफ का वेतन रोका, तीन दिन में जांच रिपोर्ट तलब।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। निर्धारित समय से पहले विद्यालय बंद कर घर चले जाना उच्च प्राथमिक विद्यालय जोधपुर के शिक्षकों और कर्मचारियों को भारी पड़ गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) रतन कीर्ति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय के समस्त शैक्षिक स्टाफ का वेतन एवं मानदेय अग्रिम आदेश तक तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी फरह को जांच अधिकारी नामित करते हुए तीन दिन के भीतर विस्तृत जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकास खंड फरह स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय जोधपुर में 7 नवंबर 2026 को निर्धारित समय से पहले ही विद्यालय बंद कर दिया गया था। विद्यालय के समस्त स्टाफ के समय से पहले चले जाने का मामला पत्रकार द्वारा उपलब्ध कराए गए फोटो एवं वीडियो के माध्यम से सामने आया। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी फरह ने भी अपनी रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजी थी।
बीएसए रतन कीर्ति ने जारी आदेश में इस कृत्य को गंभीर लापरवाही, कर्तव्यहीनता एवं विभागीय निर्देशों का उल्लंघन माना है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालय संचालन अवधि में सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य है। समय से पहले विद्यालय बंद होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है और विभाग की छवि भी धूमिल होती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक सहित समस्त शैक्षिक स्टाफ का वेतन एवं मानदेय अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है। बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी फरह को तीन दिन के भीतर घटना के कारणों की विस्तृत जांच करने, सभी संबंधित कर्मचारियों से व्यक्तिगत स्पष्टीकरण लेने और नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
आदेश में चेतावनी दी गई है कि जांच में यदि संबंधित कर्मचारियों की लापरवाही और कर्तव्यहीनता प्रमाणित होती है तो उनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली एवं प्रासंगिक सेवा नियमों के तहत कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।


