•होली गेट स्थित गुरुद्वारे में अखंड पाठ साहिब शुरू, आज रविवार को सजेगा भव्य कीर्तन दरबार; साध संगत से सहभागिता की अपील
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। ब्रज की धार्मिक नगरी मथुरा के होली गेट स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के पुनर्निर्माण की कारसेवा श्रद्धा और सेवा भाव के साथ शुरू हो गई है। गुरु महाराज की असीम कृपा एवं साध संगत के सहयोग से होने वाले इस पुनीत कार्य के उपलक्ष्य में शुक्रवार से श्री अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ हो गया। धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला में रविवार को पाठ का भोग डालने के साथ भव्य कीर्तन दरबार सजाया जाएगा।
गुरुद्वारे की संपूर्ण कारसेवा पंथ रत्न बाबा हरवंश सिंह जी की परंपरा में बाबा बचन सिंह जी, बाबा महेंद्र सिंह जी एवं बाबा सुरेंद्र सिंह जी कारसेवा, दिल्ली वालों के सानिध्य में संपन्न कराई जा रही है। सेवादारों के अनुसार गुरु घर की सेवा सबसे बड़ी सेवा है। इसमें प्रत्येक व्यक्ति बिना किसी भेदभाव के अपनी सामर्थ्य के अनुसार योगदान दे सकता है।
गौरतलब है कि गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब का मथुरा के धार्मिक एवं ऐतिहासिक परिदृश्य में विशेष स्थान है। धर्म और मानवता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले नौवें सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की स्मृति से जुड़े इस पावन स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मत्था टेकने पहुंचते हैं।
आयोजन के क्रम में 15 नवंबर, रविवार को सुबह 10 बजे श्री अखंड पाठ साहिब का भोग डाला जाएगा। इसके बाद रागी जत्थों द्वारा गुरवाणी कीर्तन और गुरु साहिब की शिक्षाओं पर आधारित विचार प्रस्तुत किए जाएंगे। इस अवसर पर गुरु का अटूट लंगर भी बरतेगा, जिसमें सभी श्रद्धालु एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करेंगे। कार्यक्रम का समापन दोपहर दो बजे होगा।
समस्त साध संगत ने श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गुरु घर की सेवा में सहभागी बनने और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

