•खाद की उपलब्धता, गन्ना क्रय केंद्रों और किसानों की समस्याओं की हुई समीक्षा।
केके मिश्रा संवाददाता।
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों की समस्याओं के साथ खाद वितरण, धान खरीद, गन्ना क्रय केंद्रों और कृषि विभाग से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने खाद की उपलब्धता एवं वितरण की जानकारी ली। इस पर सहायक आयुक्त सहकारिता और जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में खाद का वितरण सुचारु रूप से हो रहा है और खाद की कोई कमी नहीं है। वहीं, कुछ किसानों ने शिकायत की कि पंजीकरण के दौरान रकबा पूर्ण न होने के कारण अंगूठा नहीं लग पा रहा है, जिससे उन्हें बीज की पर्याप्त मात्रा नहीं मिल रही है। तहसीलों में अंश निर्धारण की समस्या भी उठाई गई। इस पर सीडीओ ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को किसानों का अंश निर्धारण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
मलोराना गांव के किसानों ने धान कटाई के दौरान खेतों में पानी भरने की समस्या उठाई। इस पर सीडीओ ने ड्रेनेज विभाग के अधिकारी को रेलवे से समन्वय स्थापित कर समस्या का जल्द समाधान कराने को कहा। उन्होंने गन्ना समिति एवं मंडी समिति द्वारा कराए गए सड़क निर्माण कार्यों की जानकारी भी मांगी, लेकिन दोनों विभागों के अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
गन्ना क्रय केंद्रों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में कुल आठ केंद्र हैं, जो 27 नवंबर से संचालित होंगे। सीडीओ ने निर्देश दिया कि केंद्रों की स्थापना ऐसे स्थानों पर की जाए, जहां किसानों को गन्ना लाने और ले जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
धान खरीद की समीक्षा में क्षेत्रीय विपणन अधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक कुल 62 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें खाद्य विभाग के 32, पीसीएफ के 21 और पीसीयू के नौ केंद्र शामिल हैं। इसके अलावा मंडी समिति एवं भारतीय खाद्य निगम द्वारा भी एक-एक केंद्र स्थापित किया गया है। सीडीओ ने निर्देश दिया कि धान बिक्री के दौरान किसी भी किसान को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी क्रय केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने जनपद स्तरीय अधिकारियों को धान क्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इसके लिए जिलाधिकारी स्तर से अधिकारियों की ड्यूटी भी निर्धारित की जाएगी।
बैठक में सीडीओ ने स्वजनगणना का उल्लेख करते हुए किसानों से जनगणना कार्य में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि हाउस लिस्टिंग के तहत दिए गए 40 प्रश्नों के उत्तर अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने होंगे, ताकि निर्धारित समय में कार्य पूरा हो सके और भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न आए।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल, प्रगतिशील किसान सुरेंद्र कुमार राय सहित विभिन्न विकास खंडों के किसान, जनपद स्तरीय अधिकारी एवं किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


