-जिला स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी दिखाएंगे हुनर, विजेता को मिलेगा 5 हजार रुपये का पुरस्कार
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार को मंच देने के लिए दिबियापुर में 23 नवंबर को जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा। प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी अपने विज्ञान आधारित मॉडल प्रस्तुत कर प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उत्कृष्ट मॉडल तैयार करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा, जिसमें प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थी को 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, उत्तर प्रदेश शासन तथा जिला विज्ञान क्लब औरैया की ओर से आयोजित कार्यक्रम रविवार, 23 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, दिबियापुर में शुरू होगा। प्रतियोगिता विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर विज्ञान को प्रयोग, तकनीक और नए विचारों के माध्यम से समझने का अवसर देगी।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 5 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 3 हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार 2 हजार रुपये तथा सांत्वना पुरस्कार के रूप में 1 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कारों के जरिए विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, समस्याओं के समाधान खोजने और नए प्रयोगों के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम जिलाधिकारी एवं जिला विज्ञान क्लब अध्यक्ष बृजेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं क्लब सचिव कमलेश पांडेय, जिला समन्वयक मोहित सिंह तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज दिबियापुर के प्रधानाचार्य राजेश गुप्ता के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजित होगा।
जिला विज्ञान क्लब ने जनपद के सभी विद्यालयों से अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराने की अपील की है, ताकि विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को पहचान मिले और उन्हें नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।


