रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। मथुरा रिफाइनरी अपने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहती है। संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने तथा ऐसी स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाती है। इसी क्रम में आज दिनांक 22 नवंबर 2026 को जिला प्रशासन के निर्देशानुसार नागरिक सुरक्षा विभाग, मथुरा के समन्वय से रिफाइनरी में ‘एयर रेड’ पर ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान शाम लगभग 6 बजे सिविल डिफेंस कंट्रोल रूम से ‘एयर रेड’ का संदेश प्राप्त होने के बाद मथुरा रिफाइनरी के फायर कंट्रोल रूम से दो मिनट का वेलिंग सायरन बजाकर रेड अलर्ट घोषित किया गया। इसके पश्चात प्रशासनिक भवन एवं आसपास के क्षेत्र में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लाइटें बंद कर ब्लैक आउट की स्थिति बनाई गई। मॉक ड्रिल के दौरान आपात स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास किया गया, जिसमें घटनास्थल पर सर्च एवं रेस्क्यू, घायलों का रेस्क्यू, ट्रायेज एवं प्राथमिक उपचार तथा अन्य आपातकालीन कार्यवाहियों का अभ्यास किया गया।
निर्धारित ब्लैक आउट अवधि पूर्ण होने के बाद ‘ऑल क्लियर’ सायरन बजाकर ग्रीन सिग्नल घोषित किया गया तथा बंद की गई लाइटों को पुनः चालू किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान सीआईसी श्री एच. एस. रुखैयार, सीजीएम (टी), श्री अभिनव गोस्वामी, जीएम (ईएमएस), श्री रजनीश तेवारी, डीजीएम (फायर एंड सेफ्टी) एवं श्री नंद प्रकाश मौर्य, एडीएम सहित संबंधित अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मॉक ड्रिल के माध्यम से विभिन्न विभागों एवं संबंधित एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई की तैयारियों का अभ्यास किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल से विभिन्न एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय एवं प्रतिक्रिया क्षमता को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। वास्तविक आपातकालीन स्थिति में त्वरित निर्णय एवं प्रभावी कार्रवाई के माध्यम से संभावित नुकसान को न्यूनतम करने के लिए इस प्रकार के पूर्वाभ्यास महत्वपूर्ण हैं।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य ‘एयर रेड’ जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में मथुरा रिफाइनरी की आपातकालीन तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय को परखना एवं उसे और सुदृढ़ करना रहा। मॉक ड्रिल में नागरिक सुरक्षा विभाग एवं मथुरा रिफाइनरी के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता की।


