नजीबाबाद। नगर के प्रतिष्ठित युवा समाजसेवी, अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन जनपद बिजनौर के प्रधान जिला महामंत्री एवं महाकाल भक्त मंडल के सक्रिय सदस्य तुषार अग्रवाल ने देहरादून निवासी आयुष्मती ईशा के साथ वैदिक रीति-रिवाजों के बीच सात फेरे लेकर अपने नए वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
बैंकट हॉल में आयोजित पारंपरिक समारोह में दोनों परिवारों के सदस्यों के साथ-साथ गणमान्य लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने शिरकत की। विवाह की रस्मों के दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि और पुष्प वर्षा के बीच नवदंपती तुषार और ईशा ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इसके पश्चात वैदिक मंत्रों और अग्नि एवं समस्त देवी – देवताओं को साक्षी मानकर दोनों ने सात फेरे लिए और सात जन्मों तक एक-दूसरे का सुख-दुख में साथ निभाने का संकल्प लिया।
इस मांगलिक अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, महाकाल भक्त मंडल, अधिवक्ताओं, मीडिया कर्मी तथा अन्य सामाजिक व धार्मिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों और मित्रों ने समारोह में पहुंचकर वर-वधू को उपहार भेंट कर अपना स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
समारोह की शोभा बढ़ाने वालों में मुख्य रूप से अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के जिला अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल एडवोकेट, युवा प्रदेश सचिव आदित्य अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में परिजन और इष्ट-मित्र उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और हर्षोल्लास का माहौल बना रहा।


