•राष्ट्रीय विधि दिवस पर अखिल भारतीय समता फाउंडेशन ने किया प्रदर्शन, केंद्र व राज्य सरकारों से उठाई मांग।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। राष्ट्रीय विधि दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय समता फाउंडेशन, जनपद मथुरा की ओर से मुकेश सैनी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकारों से देशभर के शैक्षणिक विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के पाठ्यक्रम में संविधान को शामिल करने तथा समान शिक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने गगनभेदी नारे लगाकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान समाजसेवी एवं महात्मा ज्योतिबा फुले विकास समिति के अध्यक्ष रमेश सैनी ने कहा कि संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण और उनके प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए संविधान को शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल करना बेहद जरूरी है। इससे विद्यार्थियों को संविधान, उनके अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी मिलेगी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती मिलेगी। यह कदम व्यापक जनहित में साबित होगा।
वहीं लुकेश कुमार राही ने कहा कि देशभर में समान शिक्षा व्यवस्था लागू होने से शैक्षणिक संस्थानों में समान अवसर उपलब्ध होंगे। इससे शिक्षा ग्रहण कर रहे सभी वर्गों के लोगों को मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर मिलेगा और नागरिकों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सकेगा।
प्रदर्शन में रमेश सैनी, मुकेश सैनी, दिनेश दिवाकर, संदेश कुमार, केन सुमित कुमार, राज गब्बर, आकाश बाबू, सलीम खान, शाहरुख खान, सरदार महेंद्र सिंह, राजकुमार सोनकर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


