-पीबीआरपी अकादमी की तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, दौड़ से लेकर ऊंची-लंबी कूद तक विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर
रिपोर्ट: मयंक तिवारी।
औरैया। जसवंतपुर स्थित पीबीआरपी अकादमी में चल रही तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को उत्साह और रोमांच के बीच समापन हो गया। अंतिम दिन 400 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और कबड्डी के मुकाबलों में विद्यार्थियों ने दमखम दिखाया। सीनियर बालिका कबड्डी में रेड हाउस ने बाजी मारते हुए विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा मंडल अध्यक्ष हरपाल सिंह ठाकुर और विद्यालय प्रबंधक दिनेश कुमार पांडेय ने प्रधानाचार्य संदीप सिंह के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। छात्र-छात्राओं ने गणेश वंदना, सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। प्रबंधक ने खिलाड़ियों से जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का आह्वान किया।
400 मीटर दौड़ के सीनियर बालक वर्ग में श्रेयान्श प्रथम, अजय सिंह द्वितीय और दीपेंद्र तृतीय रहे। जूनियर बालक वर्ग में रिषभ, अमनदीप और सुशांत ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। सीनियर बालिका वर्ग में भावना प्रथम, आकांक्षा द्वितीय और आंशी तृतीय रहीं।
ऊंची कूद में बालिका वर्ग से आकांक्षा प्रथम, दीपांशी द्वितीय और आराध्या तिवारी तृतीय रहीं। बालक वर्ग में अनिकेत यादव ने पहला, समर प्रताप ने दूसरा और शांतनु ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में बालिका वर्ग में आराध्या तिवारी प्रथम, आकांक्षा द्वितीय और अंशिका तोमर तृतीय रहीं। बालक वर्ग में अजय प्रथम, धनंजय द्वितीय और आर्यन यादव तृतीय रहे।
समापन पर प्रधानाचार्य संदीप सिंह, उपप्रधानाचार्या पुष्पलता श्रीवास्तव, ममता द्विवेदी, राजेश दुबे, हरिओम त्रिपाठी, राजेश सिंह और मुकेश बाबू सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।


