महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में जिला पंचायतीराज विभाग की बैठक आयोजित हुई, जिसमें वर्ष 2018-19 से वर्ष 2023-24 तक के ऑडिट परिपालन एवं लंबित ऑडिट प्रस्तरों के निस्तारण की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि वर्ष 2018-19 से 2023-24 तक के सभी लंबित ऑडिट प्रस्तरों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रति सप्ताह पांच-पांच प्रस्तरों के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित करते हुए उसकी अनुपालन आख्या जिला पंचायत राज अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला लेखा परीक्षा अधिकारी को भी निर्देशित किया कि जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय से भेजे जा रहे प्रस्तरों पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए आवश्यक आख्या उपलब्ध कराई जाए, ताकि लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण हो सके।
समीक्षा के दौरान सर्वाधिक लंबित ऑडिट प्रस्तर वाले सचिवों में हेमंत कुमार (20), ऋषिकेश पटेल (17), बाबूलाल (17), विवेक कुमार पटेल (11) तथा रामनाथ (11) शामिल रहे। जिलाधिकारी ने संबंधित सचिवों को कड़ा निर्देश देते हुए लंबित प्रस्तरों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बैठक की कार्यवृत्ति जारी की जाए तथा अगली बैठक में प्रगति की तुलनात्मक समीक्षा प्रस्तुत की जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा सहित सभी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) एवं ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे।