कुदरहा। कलवारी थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में एक गरीब और अनपढ़ बुजुर्ग के साथ हुए चौंकाने वाले धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित रामकुशल का आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंगों ने उन्हें एलआईसी का पैसा दिलाने का झांसा देकर पहले उनका बैंक खाता खुलवाया, फिर नशीला पदार्थ खिलाकर उनसे उनकी जमीन का फर्जी बैनामा करा लिया। इसके साथ ही, उनके बैंक खाते से धीरे-धीरे 19.30 लाख रुपये की बड़ी रकम भी निकाल ली गई।
पीड़ित रामकुशल ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि आरोपी दो लोगों ने विश्वास में लेकर उन्हें बैंक ले गये। आरोपीयों ने शातिर तरीके से पीड़ित के खाते में अपना मोबाइल नंबर लिंक करवा दिया, ताकि बैंक से होने वाले किसी भी लेनदेन की जानकारी बुजुर्ग को न मिल सके।
पीड़ित के अनुसार, उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोशी की हालत में कचहरी ले जाया गया और जबरन अंगूठा लगवाकर उसकी जमीन हड़प ली गई। 25 मई को जब आरोपियों ने जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया, तब बुजुर्ग को अपने साथ हुई जालसाजी का अहसास हुआ।
तब पीड़ित ने बैंक जाकर अपना स्टेटमेंट निकलवाया, तो होश उड़ा देने वाली सच्चाई सामने आई।
बैंक खाते संख्या: 8259622702 का अवलोकन करने पर पता चला कि:
27 फरवरी 2026 से 30 मई 2026 के बीच एटीएम, यूपीआई और फंड ट्रांसफर के जरिए सुनियोजित ढंग से खाते से कुल 19 लाख 30 हजार रुपये की अवैध निकासी की गई है। जालसाजों ने मात्र 1,099 रुपये शेष छोड़ा है।
पीड़ित ने तीन नामजद व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बैंक स्टेटमेंट की डिजिटल फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह धन किन खातों में ट्रांसफर किया गया है। क्षेत्र में इस घटना की चर्चा जोरों पर है और पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से तत्काल एफआईआर दर्ज कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजने और अपनी जमीन वापस दिलाने की मांग की है।