पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के विशेष इंतजाम, परीक्षार्थियों हेतु चलाई जा रहीं विशेष ट्रेनें।

Spread the love

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षित यात्रा और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। रेलवे प्रशासन ने विभिन्न मार्गों पर विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने के साथ-साथ प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त सुविधाएं और सुरक्षा इंतजाम भी किए हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार 10 जून को गोरखपुर-लखनऊ, गोरखपुर-वाराणसी सिटी, आजमगढ़-बलिया, आजमगढ़-गोरखपुर, बरेली-मथुरा तथा कासगंज-कानपुर अनवरगंज मार्गों पर विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों का संचालन विभिन्न प्रमुख स्टेशनों के रास्ते किया जाएगा, जिससे परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को सुगम यात्रा सुविधा मिल सके।

पूर्वोत्तर रेलवे ने बताया कि 7 से 10 जून तक विभिन्न तिथियों में परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
गोरखपुर जंक्शन पर परीक्षार्थियों के लिए लगभग 3,200 वर्ग फीट क्षेत्र में अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाया गया है। यहां निःशुल्क पेयजल, कूलर, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, चिकित्सा सहायता, हेल्प डेस्क, टिकटिंग सुविधा तथा शौचालय जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

भीड़ प्रबंधन के लिए पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय और मंडलों में विशेष वॉर रूम स्थापित किए गए हैं, जहां सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रमुख स्टेशनों की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों को विभिन्न स्टेशनों पर तैनात किया गया है, जो यात्री आवागमन और व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। स्टेशन परिसरों, प्लेटफार्मों, फुटओवर ब्रिज और प्रवेश-निकास द्वारों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं टिकट काउंटरों पर यात्रियों की सुव्यवस्थित कतार सुनिश्चित करने के लिए भी अतिरिक्त बल लगाया गया है।

गर्मी को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवकों द्वारा यात्रियों और परीक्षार्थियों को निःशुल्क शीतल पेयजल एवं शरबत वितरित किया जा रहा है। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में सहायता बूथ स्थापित कर ट्रेन संचालन और यात्रा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों और यात्रियों से अपील की है कि वे परीक्षा विशेष ट्रेनों का लाभ उठाएं, यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की सहायता के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 अथवा निकटतम आरपीएफ/जीआरपी कर्मी से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *