मानसी हत्याकांड में पुलिस की एक और बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी की बहन गिरफ्तार।

Spread the love

जांच में भूमिका सामने आने पर भेजी गई जेल, मामले की विवेचना जारी

सीतापुर। जनपद के संदना थाना क्षेत्र में चर्चित दलित बीएससी छात्रा मानसी हत्याकांड में पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विशाल पाल की बहन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान उसकी संलिप्तता के संबंध में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मानसी हत्याकांड की विवेचना लगातार जारी है और मामले के प्रत्येक पहलू की गहन जांच की जा रही है। जांच के क्रम में प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आरोपित की बहन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

गौरतलब है कि मानसी हत्याकांड ने क्षेत्र में व्यापक चर्चा और आक्रोश पैदा किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *