रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के दौरान अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रप्रयाग पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान 70 बोतल मैकडॉवेल ब्रांड की अवैध शराब बरामद करते हुए चार नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में यात्रा अवधि के दौरान जनपद में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोनप्रयाग क्षेत्र में की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, केदारनाथ यात्रा सत्र में अब तक आबकारी अधिनियम के तहत 20 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन कार्रवाइयों में कुल 1010 बोतल (84 पेटी) अवैध शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7.10 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही शराब तस्करी में प्रयुक्त पांच वाहनों को भी सीज किया गया है।
वहीं, मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट में दो मुकदमे दर्ज कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1.306 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1.40 लाख रुपये बताई गई है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।