•हादसे में तीन की मौत, कई घायल; राहत एवं बचाव कार्य जारी।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। सीतापुर जिले के संदना थाना क्षेत्र में सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर बरगदिया गांव के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। आंध्र प्रदेश से श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरी।
हादसे की चपेट में आए एक बाइक सवार की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बस में सवार करीब 50 श्रद्धालुओं में कई लोग घायल हो गए तथा कुछ यात्री बस के अंदर फंसे रहे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत बचाव दल मौके पर पहुंच गया। जेसीबी मशीन की मदद से बस को सीधा करने तथा फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी सीतापुर भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है तथा पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
