रामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद रामपुर में ₹690 करोड़ से अधिक की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सुशासन और समावेशी विकास पर जोर देते हुए ‘नया रामपुर’ की अवधारणा को मजबूती प्रदान की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को चेक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए। साथ ही, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थियों को अनुदान राशि और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों को चेक सौंपे गए। इस अवसर पर प्रदेश के विकास में विशेष योगदान देने वाले व्यापारियों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं और परियोजनाओं के माध्यम से रामपुर में शिक्षा, कृषि, युवा उद्यमिता और व्यापारिक विकास को नई गति मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि हर वर्ग तक विकास की पहुँच सुनिश्चित हो और ‘नया रामपुर’ सुशासन व समावेशी प्रगति का प्रतीक बने।